-रख बरोटियां में एक महीने बाद पुलिस की दूसरी कार्रवाई, पांच मार्च को भी 32 लाख का घर किया था कुर्क
सांबा। जिला पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। अब कुख्यात नशा तस्कर मोहम्मद यूनिस निवासी रख बरोटियां, विजयपुर (सांबा) की करीब 16 लाख रुपये का एक मंजिला आवासीय मकान कुर्क किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना विजयपुर में मामला दर्ज था। जांच के दौरान तस्कर के आवासीय घर की पहचान अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के रूप में की गई थी। यह संपत्ति नशा तस्कर ने नारकोटिक नशा और साइकोट्रॉपिक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित की थी। पुलिस ने पूरी जाच के बाद तस्कर के मकान को कुर्क किया है। इससे पहले पुलिस ने गत पांच मार्च को नशा तस्कर मासूम अली निवासी रख बरोटियां का 32 लाख की कीमत का मकान कुर्क किया था। पुलिस का कहना है कि ऐसे ऑपरेशन नशीली दवाओं के खतरे से निपटने के लिए जारी रहेंगे।