जम्मू। हाईकोर्ट समेत तमाम अदालतों में सोमवार से मामलों की फिजिकल सुनवाई शुरू कर दी गई। हालांकि इस दौरान अदालत परिसरों में काफी भीड़ देखने को मिली। खासकर प्रवेश गेट के बाहर लोग जमा देखे गए। प्रोटोकॉल का पालन कराने में दिनभर पुलिस के पसीने छूटते रहे। तीन महीने से अदालतों में मामलों की सुनवाई वर्चुअल मोड पर हो रही थी। कुछ दिन पहले ही हाईकोर्ट की ओर से इसे लेकर आदेश जारी किया गया था। आदेश के तहत उन्हीं वकीलों और क्लाइंट को आने की अनुमति दी गई है, जिनकी उस दिन सुनवाई थी। अगले आदेश तक उन्हीं वकीलों को हाईकोर्ट आने के लिए कहा गया, जिनकी जिस दिन मामलों की सुनवाई होनी होगी।