जम्मू। एडवोकेट बाबर कादरी की बहुचर्चित हत्या मामले में कश्मीर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मियां अब्दुल क्यूम के खिलाफ एनआईए अदालत ने आरोप तय कर दिए हैं।
क्यूम पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम 1967 की धारा 16, 18 और 38 के तहत औपचारिक आरोप तय हुए हैं। सोमवार को एनआईए की विशेष अदालत जम्मू ने इससे संबंधित फैसला सुनाया। राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) की ओर से इस मामले में आरोपत्र दायर किया गया था।
कादरी की 24 सितंबर 2020 को श्रीनगर के हवल के जाहिदपोरा स्थित उनके आवास पर हत्या कर दी गई थी। अदालत से लौटने के तुरंत बाद मुवक्किल के भेष में आए हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी। जुलाई 2023 में यह मामला एसआईए को सौंप दिया गया था। मियां क्यूम को 25 जून 2024 को कादरी की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता के रूप में गिरफ्तार किया गया था, जिसने कथित तौर पर लश्कर-ए-तैयबा के द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के आतंकवादियों के माध्यम से हत्या कराई।