गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान निवासी विजय साहनी, झारखंड के महाराजपुर निवासी इंद्रजीत कुमार और मध्य प्रदेश के खजराहो निवासी राहुल अहिरवार के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में जम्मू के अलग-अलग इलाकों में किराये पर रह रहे थे।
पुलिस को चौवाड़ी स्थित एक किराये के मकान में नकली नोटों से जुड़ी गतिविधि की विश्वसनीय सूचना मिली थी। इसके बाद सैनिक कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने परिसर में छापा मारकर तीनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 100 रुपये के मूल्यवर्ग के नकली नोट बरामद किए जिनकी कुल अंकित कीमत 13,500 रुपये है। इसके अलावा एक प्रिंटिंग मशीन, पेपर कटर, अलग-अलग रंगों की स्याही की बोतलें, एक टोका (धारदार हथियार) और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई।
इस मामले में चन्नी हिम्मत थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली नोट तैयार करने का पूरा नेटवर्क कैसे काम करता था, इसके पीछे कौन लोग या स्रोत जुड़े हैं और इन नोटों को कहां और किस तरह चलाने की योजना थी। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने कहा कि नकली मुद्रा के निर्माण, कब्जे, प्रसार या इससे जुड़ी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।