लोरा और मेश नेटवर्क तकनीक से लैस ये उपकरण एक-दूसरे के माध्यम से संदेश आगे पहुंचाने में सक्षम होंगे। एक उपकरण से दूसरे उपकरण तक 10 से 18 किलोमीटर की संचार क्षमता होगी। इससे दुर्गम इलाकों में अभियान चला रही छोटी-छोटी सैन्य टुकड़ियों के बीच संपर्क बनाए रखने में मदद मिलेगी।
सेना इन उपकरणों को कम्युनिकेशन नोड (संचार इकाई) नाम दे रही है। ये लोरा और मेष नेटवर्क तकनीक पर आधारित होंगे। इसमें प्रत्येक उपकरण नेटवर्क की एक कड़ी के रूप में काम करेगा। यदि दो जवानों के बीच सीधे संपर्क में बाधा आती है तो उनके बीच मौजूद तीसरा उपकरण संदेश को आगे पहुंचाने का माध्यम बनेगा। इस प्रक्रिया को मल्टीहॉप कम्युनिकेशन कहा जाता है।
पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचाई पर अतिरिक्त रिले नोड लगाकर संचार की पहुंच बढ़ाई जा सकेगी। इससे दूर-दराज के इलाकों में तैनात जवानों के बीच भी संपर्क बनाए रखना आसान होगा। संदेशों की सुरक्षा के लिए एईएस-256 एन्क्रिप्शन या इसके समकक्ष सुरक्षित प्रणाली उपलब्ध होगी। जवान व्यक्तिगत संदेश भेजने के अलावा समूह और अलग-अलग चैनलों पर भी संवाद कर सकेंगे। यह व्यवस्था इंटरनेट के बिना भी काम करेगी। अवंतिपोरा स्थित 15 कोर की सिग्नल ब्रांच के लिए इन 50 उपकरणों की खरीद की जाएगी।
लोकेशन साझा करने के साथ एसओएस अलर्ट की सुविधा
प्रत्येक संचार इकाई में ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (जीएनएसएस) मॉड्यूल और एंटीना होगा। इसकी मदद से नेटवर्क के माध्यम से जवानों की लोकेशन साझा की जा सकेगी। आपात स्थिति में एसओएस अलर्ट भेजने का विकल्प भी उपलब्ध होगा। उपकरण को एंड्रॉयड मोबाइल से ब्लूटूथ या यूएसबी के जरिये जोड़ा जा सकेगा।
इसके अलावा एटीएके सॉफ्टवेयर के साथ एकीकरण की सुविधा होगी। इससे डिजिटल नक्शे पर टीम की स्थिति और गतिविधियों की जानकारी साझा की जा सकेगी। उपकरण आकार में छोटे और वजन में हल्के होंगे, ताकि जवान गश्त के दौरान इन्हें जेब, पाउच या हार्नेस में आसानी से रख सकें। इनमें पांच हजार एमएएच की रिचार्जेबल बैटरी और यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग की सुविधा होगी। ये माइनस 20 से प्लस 60 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी काम कर सकेंगे।
पुंछ की आवाम की तरफ उठने वाले हर हाथ को उखाड़ देंगे : जीओसी
सेना की 25 इन्फेंट्री डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल मनोज रूरिया ने पुंछ के लोगों को सुरक्षा का भरोसा देते हुए दुश्मन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पुंछ की आवाम की तरफ उठने वाले हर हाथ को उखाड़ देंगे और बुरी आंख को फोड़ देंगे। सेना पुंछ के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उनकी जान-माल की रक्षा के लिए सेना हर बलिदान देने को तैयार है।
मेजर जनरल मनोज रूरिया रविवार को 79वें पुंछ लिंक अप दिवस के अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पुंछ के लोगों के साहस, हौसले और देशभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि पुंछ लिंक अप के बाद से यहां के लोगों ने देश के लिए बहुत कुछ किया है। पुंछ की गौरवशाली गाथा और लोगों के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इसे देखकर उनकी आंखें नम हो जाती हैं।
जीओसी ने इस अवसर पर पुंछ के लोगों से दो महत्वपूर्ण वादे किए। उन्होंने कहा कि पहला वादा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान से जुड़ा है। शिक्षा, विकास और प्रशासनिक क्षेत्र में लोगों को आने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए सेना हरसंभव प्रयास करेगी। जरूरत पड़ने पर सैन्य कमांडर, सेनाध्यक्ष और प्रधानमंत्री तक के सामने भी इन मुद्दों को उठाया जाएगा।
सुरक्षा के लिए जवान जान की बाजी लगा देंगे
दूसरा वादा पुंछ की सुरक्षा को लेकर है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति पैदा होती है तो सेना पूरी ताकत से लोगों की रक्षा करेगी। जवान अपनी जान की बाजी लगा देंगे, लेकिन पुंछ के लोगों को कोई नुकसान नहीं होने देंगे। उन्होंने लोगों से सेना का साथ देने की अपील की, जिस पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में साथ देने का भरोसा जताया। इससे पहले जीओसी ने पुंछ के नाटो ऑडिटोरियम में आयोजित लघुनाटक और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम देखा। कार्यक्रम के माध्यम से पुंछ के इतिहास, वीरता और सेना के साथ लोगों के संबंधों को प्रदर्शित किया गया।