भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कॉरपोरेट टैक्स में कटौती को मोदी सरकार का मास्टर स्ट्रोक बताते हुए कहा कि इससे देश के अन्य हिस्सों की तरह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। इससे विकास की गति तेज होगी।
पार्टी मुख्यालय में शनिवार को पत्रकार वार्ता में सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार प्रकट करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सही समय पर उचित फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि कारपोरेट सेक्टर को लाभ मुहैया करवाने से इसका फायदा आम आदमी तक पहुंचना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने उद्योगपतियों के अलावा कॉरपोरेट सेक्टर की मांग भी पूरी कर दी है। इससे विश्व भर की कंपनियों को भी भारत में निवेश के लिए आकर्षित करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि कैटरिंग सेक्टर में जीएसटी में कटौती से होटल उद्योग व पर्यटन के क्षेत्र को बल मिलेगा।
सांसद ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर टैक्स में कटौती पांच फीसदी से बढ़ाकर 12 फीसदी की गई है। यात्री वाहनों के क्षेत्र में भी टैक्स में कटौती की गई है। बैंकों को सरलता से लोन कॉरपोरेट, छोटे व्यापारियों, रिटेलर्स आदि को मुहैया करवाने के लिए 70 हजार करोड़ की राशि मुहैया करवाई गई है।