उधमपुर श्रीनगर बारामुला रेल लिंक परियोजना
- फोटो : अमर उजाला
उधमपुर श्रीनगर बारामुला रेल लिंक परियोजना पर भी कोरोना वायरस का खतरा मंडराने लगा है। इस योजना के अंतर्गत कई पुल और टनल बनाने आईं प्राइवेट कंपनियों ने काम बंद करने के निर्देश जारी किये हैं। सोमवार को चिनाब ब्रिज प्रोजेक्ट अंडरटेकिंग व अफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर ने लिखित रूप से काम को बंद किये जाने की घोषणा की।
गौरतलब है कि चिनाब ब्रिज प्रोजेक्ट अंडरटेकिंग की तरफ से जिला मुख्यालय रियासी से लगभग बीस किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्रामीण इलाका बक्कल से कोड़ी के बीच विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का निर्माण किया जाना है। इसके अलावा अफकॉन्स ग्रा मोड में रेलवे पुल बनाने का काम कर रही है। अभी तक काफी कार्य हो चुका है। कई पिलर का काम आखिरी चरण तक पहुंच गया है।
वहीं काम कर रहीं दोनों कंपनियों ने अपने अपने कर्मचारियों को अगले निर्देश मिलने तक घर पर रहने को कहा है। इसके अलावा एनएचपीसी सलाल पावर स्टेशन ज्योतिपुरम की तरफ से भी पूर्ण रूप से तालाबंदी करने का फैसला किया गया है। सभी की तरफ से इस के बारे में जिला उपायुक्त अतिरिक्त जिला उपायुक्त एसएसपी एएसपी व कोंकण रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर को सूचना दे दी गई है।