श्रीनगर शहर के चेस्ट अस्पताल में जांच रिपोर्ट आए बगैर ही एक युवक को कोरोना पॉजिटिव घोषित करने का मामला सामने आया है। इस युवक को रविवार को पॉजिटिव घोषित किया गया, जबकि अस्पताल के रिकार्ड में उसे संदिग्ध बताया गया था। साथ ही उसके रिपोर्ट के आने का इंतजार होने की बात लिखी गई थी।
शहर के बाहरी इलाके सोएटेंग लासजन के इस युवक को पॉजिटिव घोषित किए जाते ही परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों को क्वारंटीन कर दिया गया। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार को अस्पताल प्रशासन ने युवक को कोविड संदिग्धों के लिए बने वार्ड नंबर पांच में जाने को कहा। बताते हैं कि युवक के आपत्ति करने पर कि उसके शिफ्ट होने से अन्य लोग संक्रमित हो सकते हैं तो उसे बताया गया कि उसके रिपोर्ट का अभी इंतजार है।
वह कोरोना संक्रमित फिलहाल नहीं है। युवक ने बताया कि सोपोर के मृत व्यक्ति के संपर्क में आने पर उसने स्वयं अस्पताल में इसकी जानकारी दी थी। हालांकि, इस बारे में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है।