जम्मू। कोरोना वायरस का असर प्रदेश के एंटी करप्शन ब्यूरो की जांच पर भी पड़ा है। लॉकडाउन और अनलॉकडाउन में पाबंदियों के चलते पिछले साल के मुकाबले इस साल भ्रष्टाचार पर कार्रवाई रफ्तार नहीं पकड़ पाई है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में अब तक जम्मू संभाग में 10 और कश्मीर संभाग में 11 मामले दर्ज हुए हैं। वर्ष 2019 में जुलाई महीने तक 22 मामले जम्मू संभाग में और 24 मामले कश्मीर संभाग में दर्ज हुए थे। वर्ष 2019 में कुल 73 मामले दर्ज हुए। इनमें जम्मू संभाग में 40 और कश्मीर संभाग में 33 मामले शामिल हैं, लेकिन 2020 में अब तक पूरे प्रदेश में सिर्फ 21 मामले दर्ज हुए हैं।
229 मामलों के चालान पेश नहीं हुए
एंटी करप्शन ब्यूरो के पास 1200 से अधिक शिकायतें विभिन्न विभागों के अफसरों के खिलाफ लंबित पड़ी हैं, जिनकी जांच होनी बाकी है। 229 मामले ऐसे हैं, जिनकी जांच हो चुकी है और एफआईआर भी दर्ज है, लेकिन कोर्ट में इनके चालान पेश नहीं हो पा रहे। आकंड़ों पर ध्यान दें तो 1998 में 9, 2000 में 4, 2001 में 3, 2002 में 4, 2003 में 5, 2005 में 2, 2006 में 1, 2007 में 10, 2008 में 2, 2009 में 5, 2010 में 8, 2011 में 11, 2012 में 22, 2013 में 13, 2014 में 18, 2015 में 30, 2016 में 30, 2017 में 20 और 2018 में 29 मामलों की एफआईआर दर्ज हैं, लेकिन इलके चालान पेश नहीं हुए।
कोट
बहुत से मामलों की जांच पूरी, दर्ज होंगी एफआईआर
इसमें कोई शक नहीं कि कोरोना वायरस की वजह से मामलों की जांच प्रभावित हुई है। क्योंकि अधिकतर सरकारी विभाग बंद थे। दो महीने का लॉकडाउन भी रहा। अब बहुत से मामलों की जांच हमने कर ली है। एफआईआर दर्ज करना शुरू कर दिया है। कुछ ही दिनों में बहुत से मामलों को लेकर एफआईआर दर्ज होगी और कार्रवाई तेज होगी।
आनंद जैन, निदेशक, एसीबी, जम्मू-कश्मीर