जम्मू। शहर के कोरोना प्रभावित इलाकों में पाबंदियां जारी हैं। गुढ़ा बख्शी नगर और न्यू प्लाट में लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। ऐसे में लोगों को जरूरत का सामान खरीदने में मुश्किल हो रही है। बख्शी नगर में पुलिस के साथ सुरक्षा बल भी तैनात है। गलियों में आवाजाही न के बराबर है। गलियां सुनसान पड़ी हुई हैं। सुबह के समय सफाई कर्मचारी क्षेत्र में स्प्रे करने आते हैं। कोरोना प्रभावित इलाकों को केमिकल स्प्रे कर सैनिटाइज किया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि उम्मीद थी कि कुछ छूट मिलेगी, लेकिन पाबंदियां बरकरार हैं। मोहल्लों में दुकानें भी बंद हैं, इस कारण राशन की किल्लत हो रही है। वहीं, न्यू प्लाट में लोगों को आने जाने की अनुमति नहीं है। अन्य इलाकों में लोग दुकानों से खरीददारी करने में व्यस्त हैं। दुकानें निर्धारित समय तक ही खुल रही हैं।