जम्मू। कोरोना वायरस को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर पुलिस ने सख्ती से निपटने की तैयारी कर ली है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कई जम्मू शहर में कोरोना वायरस के कई नए मामले पॉजिटिव होने की फर्जी सूचनाएं शेयर की गईं। पुलिस ने अब अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्लान तैयार कर लिया है। जिला पुलिस का कहना है कि कुछ देश विरोधी और शरारती तत्व अफवाहें फैलाकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। कोरोना वायरस को लेकर गलत जानकारियां सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। ऐसा करने वालों पर पुलिस की पूरी नजर है। पुलिस इसे लेकर सख्त कार्रवाई करेगी। यदि किसी को भी कोई सहायता चाहिए तो वह पुलिस के 100 नंबर पर फोन करके बात कर सकता है। गौरतलब है कि इससे पूर्व वीरवार को भी जिला उपायुक्त जम्मू के नाम से फर्जी आदेश की प्रति बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी थी। इस मामले को जिला उपायुक्त ने पुलिस और साइबर सेल के पास जांच के लिए भेज दिया है।
---
एसएसपी की आवाज में ऑडियो से चेतावनी
जम्मू के एसएसपी श्रीधर पाटिल ने अपने नाम का एक ऑडियो संदेश भी जारी किया है। जिसमें वह कह रहे हैं कि यदि कोरोना से संबंधित कोई भी जानकारी उनके पास आती है, तो पहले उसकी पुष्टि करें। पुलिस के डायल 100 नंबर पर इसकी जानकारी लें। यदि कोई अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।