कोरोना महामारी के बीच ईरान में फंसे लद्दाख के सैकड़ों यात्री अपने गृह जिलों में पहुंचकर केंद्र सरकार और प्रशासन का शुक्रिया अदा करते नहीं थक रहे। कोरोना संकट के बीच पहले ईरान से दिल्ली और फिर जोधपुर में चार हफ्ते की क्वारंटीन अवधि पूरी करने के बाद यह लोग लद्दाख में क्वारंटीन हैं।
ईरान यात्रा से जुड़े लद्दाख के 510 लोग हैं, जो वर्तमान में गृह जिलों में बनाए गए 12 अलग-अलग क्वारंटीन केंद्रों में ठहरे हुए हैं। कारगिल के एक होटल में ठहरे यात्री ने बताया कि केंद्र सरकार, प्रशासन, सेना और वायु सेना का कैसे शुक्रिया अदा करें, उनके पास लफ्ज नहीं हैं।
एक यात्री ने कहा, 28 दिन जोधपुर में रहे। वहां किसी चीज की कमी नहीं हुई। साफ सुथरे माहौल में सभी सुविधाएं मिलने से उन्हें क्वारंटीन अवधि पूरी करने में कोई परेशानी नहीं हुई।