जम्मू-कश्मीर में अगर बिना लक्षण वाले कोविड मरीजों को घर पर क्वारंटीन की व्यवस्था की जाती है तो इसमें खतरा बढ़ने की भी आशंका रहेगी। इसका बड़ा कारण कोविड देखभाल को लेकर लोगों का पूरी तरह से जागरूक न होना है। लोग संक्रमण को लेकर एसओपी का पूरी तरह से पहले से ही पालन नहीं कर रहे हैं। सार्वजनिक स्थलों पर मास्क, सामाजिक दूरी और सैनिटाइज का पालन नहीं हो रहा है।
कोविड मरीज अब दस दिन में होंगे डिस्चार्ज
कोविड मरीजों को अब 14 दिन के बजाय कोविड अस्पतालों में आइसोलेशन में 10 दिन रहना पड़ेगा। नई गाइडलाइन के तहत बिना लक्षण वाले कोविड मरीज को दस दिन आइसोलेट करके उनका कोविड टेस्ट किया जाएगा, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें छुट्टी दी जाएगी। इसमें घर जाने पर उन्हें एसओपी का पालन करना होगा।
इससे पहले की व्यवस्था में कोविड मरीज को अस्पताल में 14 दिन रखा जाता था और आखिर में उसके दो निगेटिव टेस्ट आने पर छुट्टी दी जाती है। इसमें उसके छाती के एक्सरे और दूसरी चिकित्सा देखभाल को सुनिश्चित किया जाता है।