कठुआ में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। प्रदेश वापस लौटी एक महिला और दो बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये मामले बिलावर से सामने आए हैं जो रविवार को संक्रमित आए व्यक्ति के साथ शामिल लोगों में दिल्ली से 30 अप्रैल को प्रदेश लौटे थे। हालांकि प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में बता रहा है चूंकि इन्हें पहले ही क्वारंटीन किया जा चुका है। तीनों नए मामलों के यात्रा इतिहास को खंगालने के साथ ही इन्हें सीडी अस्पताल जम्मू शिफ्ट कर दिया गया है।
सोमवार सुबह बिलावर से तीन नए कोरोना के मामले आने से जिले में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने एहतियातन बिलावर के फिंतर में पाबंदियों को बढ़ा दिया। जिस क्वारंटीन सेंटर में यह लोग रह रहे थे, उसे रविवार को पहला संक्रमित मामला सामने आने के बाद ही सील कर दिया गया था।
सीएमओ कठुआ डॉ. अशोक चौधरी ने बताया कि रविवार को संक्रमित मामले के साथ दिल्ली से ट्रक में आए लोगों में ही शामिल तीन और को संक्रमित पाया गया है। बताया कि इनके साथ अन्य छह लोगों में से पांच की जांच रिपोर्ट का अभी इंतजार है जबकि एक अन्य के सैंपल जांच के लिए भरकर भेजे गए हैं।