सीनियर आईएएस के कोरोना संक्रमित होने के मामले में बीते दिनों सचिवालय में हुई बैठक के दौरान स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के मानकों का उल्लंघन करने पर उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने कड़ा संज्ञान लिया है। बैठक को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से करने की हिदायत दी है।
उपराज्यपाल की ओर से कहा गया है कि सैंपल देने वाला अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हो सकता था, लेकिन ऐसे प्रोटोकॉल पर अमल नहीं किया गया। इस मामले में 12 आईएएस अधिकारियों सहित करीब 80 लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
अधिकारियों के बुधवार या गुरुवार को सैंपल लेने की उम्मीद है। इस बीच विभिन्न विभागों के अध्यक्षों ने अपने कनिष्ठ अधिकारियों को प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी दी है। गत दिवस सचिवालय में हुई बैठक में जम्मू एयरपोर्ट पर कोविड सैंपल देने वाले आईएएस अधिकारी को एसओपी प्रोटोकॉल की अनदेखी करते हुए बैठक में उपस्थित होने दिया गया था।
जिसके बाद अधिकारी के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। प्रोटोकॉल में प्रमुख अधिकारियों को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल होने को कहा गया है। उधर, सोमवार को सचिवालय में विभिन्न सेक्शनों में सैनिटाइजेशन करवाया गया। सैनिटाइजशन के दौरान कर्मचारियों को सचिवालय में विभिन्न सेक्शनों के भीतर नहीं जाने दिया गया।