देश के विभिन्न राज्यों से ट्रेन के जरिए जम्मू-कश्मीर लौटने वाले लोगों के सैंपल लेने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने रेलवे स्टेशन पर दो केबिन स्थापित करने सहित आठ टीमों को तैनात किया है। रेलवे स्टेशन पर रामबन और कुलगाम जिले के लोगों के कोरोना टेस्ट के सैंपल लिए जाएंगे। उधमपुर के लोगों के सैंपल क्वारंटीन सेंटर में ही लिए जाएंगे। सीएमओ डॉ. केसी डोगरा ने स्वास्थ्य कर्मियों को रेलवे स्टेशन पर उनके काम के बारे में जानकारी दी। वहीं, शनिवार को रेलवे स्टेशन पर मॉक ड्रिल भी की गई।
कोरोना संकट के कारण देश के विभिन्न राज्यों में जम्मू-कश्मीर के हजारों लोग फंसे हुए हैं। 11 मई को ट्रेन के जरिए इनको जम्मू-कश्मीर लाया जा रहा है। सोमवार को पहली ट्रेन के पहुंचने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों के निवासियों को उधमपुर रेलवे स्टेशन पर उतारा जाएगा और फिर बसों के माध्यम से आगे के लिए रवाना किया जाएगा। शनिवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दीं।
रामबन व कुलगाम जिले के लोगों के कोरोना टेस्ट लेने के लिए दो केबिन स्थापित किए हैं। ट्रेन से उतरते ही उनके सैंपल लिए जाएंगे, जिसके बाद बसों में बिठाकर अपने जिलों की तरफ रवाना कर दिया जाएगा। इसके लिए रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग ने आठ टीमों का गठन किया है, जोकि सैंपल लेने के साथ लोगों को रिकार्ड भी तैयार करेंगी। शनिवार को सीएमओ डॉक्टर केसी डोगरा ने रेलवे स्टेशन पर स्थिति का जायजा लिया।