पिछले कुछ दिनों से कोई कोरोना संक्रमित न आने से जिला प्रशासन ने चार रेड जोन को ऑरेंज जोन में तब्दील करते हुए राहत दी है। इसमें जानीपुर, गुज्जर नगर, बठिंडी और सुंजवां इलाकों को ऑरेंज जोन बनाया गया है। ये सभी इलाके सर्विलांस के साथ प्रशासन की कड़ी निगरानी में रहेंगे।
जिला उपायुक्त जम्मू सुषमा चौहान के अनुसार ऑरेंज जोन को ग्रीन जोन में तब्दील करने का फैसला मई के दूसरे हफ्ते में लिया जाएगा। इसमें सारी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही नया आदेश जारी होगा। फिलहाल बाहू फोर्ट क्षेत्र (कालिका कॉलोनी) रेड जोन में ही रहेगा।
कई संक्रमित मामले आने के बाद जिला प्रशासन की ओर से गत दिनों जानीपुर, पीर मिट्ठा (गुज्जर नगर), बठिंडी व सुंजवां और बाहू फोर्ट क्षेत्र (कालिका कॉलोनी) को रेड जोन घोषित किया गया था। इन क्षेत्रों में पूरी तरह से आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया था। तारबंदी करके बाहर और भीतर से आने वाली आवाजाही रोकी गई थी।
लेकिन ऑरेंज जोन की श्रेणी में आने से इन इलाकों से अब तारबंदी हटाई जाएगी। गाइडलाइन के तहत लोगों को आवाजाही में छूट दी जाएगी। इसमें संबंधित पुलिस और मजिस्ट्रेट संबंधित इलाकों की प्रतिदिन रिपोर्ट देंगे। गाइडलाइन में सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन करना अनिवार्य किया जाएगा। धार्मिक स्थलों पर सभी सामूहिक गतिविधियां बंद रहेंगी। सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में बाहू फोर्ट क्षेत्र में भी छूट देने की तैयारी की जा रही है।