कश्मीर में कोरोना संक्रमण जानलेवा हो रहा है। गुरुवार को कश्मीर में दो और महिलाओं की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 21 हो गई है, जिसमें कश्मीर संभाग के 18 लोग हैं। इस बीच गुरुवार को प्रदेश में कुलगाम जिले के 21 पुलिसकर्मियों समेत कोरोना संक्रमण के 59 केस मिले। इसमें जम्मू संभाग से आठ और कश्मीर संभाग में 51 मामले शामिल हैं। अब तक कुल मरीजों की संख्या 1,450 पहुंच गई है। उधर, जम्मू और कश्मीर के अस्पतालों से छह मरीजों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे गई है।
कोरोना संक्रमण से बडगाम के परसियाबाद निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग ने सीडी अस्पताल, श्रीनगर में दम तोड़ दिया। उसे 15 मई को एसएमएचएस अस्पताल में दाखिल करने के बाद 18 मई को सीडी अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। अस्पताल की आईसीयू में हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई। इससे पहले बुधवार शाम को बेमिना श्रीनगर निवासी 80 वर्षीया वृद्धा की एसएमएचएस अस्पताल में मौत हो गई थी। गुरुवार को उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
नए मामलों में अनंतनाग में 12, कुलगाम में 21, श्रीनगर में 5, कुपवाड़ा में 7, बडगाम में 4, गांदरबल में 2, जम्मू और किश्तवड़ में एक-एक, कठुआ में 3 और रामबन में 3 केस हैं। कुलगाम में 21 पुलिसर्मी पॉजिटिव आए हैं। ये सभी चावलगाम में हायर सेकेंडरी स्कूल में बने रिजर्व कैंप में तैनात थे। कैंप का एक पुलिसकर्मी कुछ दिन पहले पॉजिटिव मिला था। कश्मीर संभाग में अब तक 80 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं।
जम्मू में मिला मरीज प्रीत नगर इलाके से है जो पहले से संक्रमित के संपर्क में रहा है। किश्तवाड़ में दच्छन (सोंदर) निवासी महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह द्रबशाला में क्वारंटीन थी और दूसरे राज्य से आई थी।
बेकरी संचालक के पॉजिटिव मिलने पर नष्ट की सामग्री
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में बेकरी संचालक के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गुरुवार को प्रशासन ने दुकान में बेकरी से जुड़ी सामग्री को नष्ट कर दिया गया।