कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ने वालों में बच्चे भी पीछे नहीं हैं। जम्मू में बच्चे भिन्न-भिन्न तरीके से कोरोना के खिलाफ लड़ाई जारी रखे हुए हैं। जम्मू शहर के वार्ड-8 ओल्ड रेहाड़ी के 11 वर्षीय जतिन मेहरा भी कोरोना योद्धा बने हुए हैं। जतिन ने लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों में कोरोना वायरस से बचाव को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों के साथ कई और पोस्टर तैयार किए हैं।
इसके साथ ही कुछ ऐसे पोस्टर भी बनाए जिसमें लोगों को चेताया गया था। इन पोस्टरों को जतिन मेहरा ने मोहल्ले की गलियों में दीवार पर चिपकाया है। इसमें बाहर से आने वाले लोगों को चेतावनी देते हुए लिखा है कि जब तक लॉकडाउन है, तब तक हमारे मोहल्ले, गलियों और घरों में आना सख्त मना है। जतिन ने अपने मोहल्ले की अलग-अलग गलियों में 57 पोस्टर लगाए हुए हैं।
जतिन ने अमर उजाला से बातचीत करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित कर रहे थे तो उस वक्त मेरे मन में यह ख्याल आया कि क्यों न लोगों को सतर्क किया जाए। फिर 57 पोस्टर तैयार किए जिन्हें मोहल्ले की गलियों में चिपकाया गया है।