कोरोनावायरस के खौफ के चलते जम्मू और सांबा के सभी प्राथमिक स्कूल 31 मार्च तक तत्काल प्रभाव से बंद कर दिए गए हैं। साथ ही जम्मू-कश्मीर में सभी बायोमेट्रिक उपस्थिति को 31 मार्च तक तुरंत निलंबित कर दिया गया है। इसकी पुष्टि प्रिंसिपल सेक्रेटरी रोहित कंसल ने की है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर में कोरोना के दो संदिग्ध रोगियों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव होने की आशंका है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार दोनों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। क्योंकि इससे इंफेक्शन होने का खतरा रहता है। एक मशीन के जरिए उपस्थिति लगाने से यदि किसी में कोरोना के लक्षण हुए तो दूसरों में भी यह वायरस फैल सकता है।
कोरोनावायरसः अस्पताल में भर्ती दो संदिग्ध मरीज बिना बताए चले गए घर
वहीं, जीएमसी जम्मू के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना वायरस के दो संदिग्ध मरीज बिना किसी को बताए अपने घर चले गए। जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। इसके बाद बुधवार देर रात पुलिस की मदद से उनके घर से वापस लाया गया था।
यह दोनों इटली और साउथ कोरिया से होकर लौटे हैं और दोनों में कोरोना वायरस के लक्षण मिले हैं। दोनों के सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।इन्हें बुधवार दोपहर को जीएमसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था, लेकिन रात को दोनों मरीज अपने घरों को चले गए। इस बात की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन के हाथ पांव फूल गए और प्रशासन को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस की मदद से दोनों के घरों पर जाकर उन्हें वापस आइसोलेशन वार्ड में लाया गया।
यह एहतियात इसलिए बरता गया कि अगर दोनों में से कोई भी पॉजिटिव होता है तो वह समाज में संक्रमण न फैला सके। हालांकि अभी तक जम्मू और कश्मीर में कोई भी पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है।