सुंदरबनी। कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद से बंद किए गए सुंदरबनी के बाजारों को प्रशासन के सख्त निर्देश पर शुक्रवार पांचवें दिन भी बंद ही रखा गया। वहीं लम्मन गांव के बुजुर्ग के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद से जम्मू मेडिकल कॉलेज में उसके साथ गए चारों तीमारदारों तथा उपजिला अस्पताल सुंदरबनी में उसका इलाज करने वाले डॉक्टर की वीरवार शाम को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद से लोगों को उम्मीद जगी थी कि शायद शुक्रवार को बाजार खोलने के निर्देश दिए जाएंगे, लेकिन प्रशासन की ओर से ऐसा कोई निर्देश नहीं मिलने के कारण शुक्रवार को भी पूरी तरह से सुंदरबनी के बाजारों के साथ-साथ बाजाबांई कांगड़ी तक दुकानों को बंद रखा गया। इस कारण पांच दिन से बाजारों के बंद रहने के कारण अब लोगों की परेशानियां भी बढ़ने लगी हैं। जो भी जरूरी खाने पीने का सामान लोगों ने खरीदकर घरों में रखा था वह खत्म हो रहा है। लोगों की परेशानियों को देखते हुए दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल सनातन धर्म सभा के प्रधान अश्वनी शर्मा के नेतृृत्व में तहसीलदार जितेंद्र सिंह से मिला और बाजारों में जरूरी सेवाओं वाली दुकानों को खोलने की अनुमति देने की मांग की। इस पर तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि वह उनकी मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचकर जरूरी सेवाओं वाली दुकानों को खुलवाने की बात करेंगे। ताकि लोगों को परेशानियों से न जूझना पडे़।