सांबा। पुलिस ने पूर्ण लॉकडाउन के निषेधात्मक आदेश की अवहेलना करने वाले दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसएसपी के अनुसार कि रामगढ पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ दुकानदार लॉकडालन का उल्लंघन कर रहे हैं और दुकान खोलकर सामान की बिक्री कर रहे हैं। इसके साथ वे सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पाया कि लॉकडाउन के दौरान दो किराना दुकानें खुली हुई हैं। पुलिस ने उनके मालिकों के खिलाफ यूएस 188 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया। जिन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है उनमें किराना दुकान मालिक राजाराम, गांव राडीयां रामगढ़ और बोध सिंह बंदराल, रामगढ़ शामिल हैं। इनके खिलाफ रामगढ़ पुलिस थाने में एफआईआर नंबर 28/2020 यू / एस 188 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सार्वजनिक रूप से पूर्ण लॉकडाउन का पालन करने का आग्रह किया है। आवश्यक न हो तो घर से बाहर कदम न निकलेें और सामाजिक दूरी बनाए रखें।
------------
पूर्व विधायक की मां ने दिए 51 हजार
विजयपुर। भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश गंगा की मां अमर देवी पत्नी निवास शर्मा ने पीएम केयर फंड को 51,000 रुपये का दान दिया। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता सामूहिक रूप से इस संकट के प्रभाव को कम करने के लिए सरकार के प्रयासों का समर्थन करना है। इस दौरान उनके बेटे जय राम शर्मा भी मौजूद थे। संवाद
-----------
पैकिंग खाने की मुहिम निरंतर जारी
बाड़ी ब्राह्मणा। सामाजिक संस्था हेल्पिंग हैंड ट्रस्ट की तरफ से पैकिंग खाने की सुविधा रोजाना लोगों को मुहैया कराई जा रही है। ट्रस्ट ने शनिवार को बर्जानी काला गेट और तेली बस्ती इलाके में गरीबों को खाने की सुविधा मुहैया कराई। संस्था की बाड़ी ब्राह्मणा ब्लॉक की चेयरपर्सन रजनी देवी और बीरपुर लोअर के नायब सरपंच जाहिद मलिक, ट्रस्ट के सुनील केसर मुख्य तौर पर मौजूद थे। संवाद
--------
गरीबों को राशन दिया
विजयपुर। कोरोना जैसी महामारी के संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए लॉक डाउन चल रहा है। इस दौरान गरीबों जरूरतमंदों को राशन वितरित करने के लिए राजनीतिक संगठन, धार्मिक संगठन और प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं। नगरपालिका अध्यक्ष दीपक कुमार ने समाजसेवा के साथ गरीबों को खाना दिया। पूर्व मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा, जय राम शर्मा, मनुष्य कुमार शर्मा, मंजीत सिंह, शिवशंकर कमेटी विजयपुर आदि ने गरीबों को राशन सामग्री दी। संवाद
-------
सिद्ध सवांखा के 22 परिवारों का घर पर क्वारंटीन किया गया
रामगढ़। गांव सिद्ध सवांखा के 22 परिवार में 82 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। यहां पिछले दिनों एक मौत हो गई थी। संस्कार में बाहर से आए लोग शामिल हुए थे। उनमें से एक का इलाज जम्मू में चल रहा है, जबकि डाक्टरों ने उनके यात्रा इतिहास के बारे में पूछा। इसके चलते यह जानकारी रामगढ़ पुलिस स्टेशन में दी गई। उसके बाद परिवार के सभी सदस्यों का क्वारंटीन किया गया। रविवार को सीएचसी अस्पताल के डॉक्टरों ने दौरा कर लोगों की जांच की और उसके साथ ही इस गांव में पुलिस ने कांटेदार तार को बिछा दिया है। किसी को भी इस मार्ग पर आने जाने की इजाजत नहीं है। संवाद
----------
विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गरीब परिवारों में बांटा राशन
सांबा। कोरोना की रोकथाम के लिए किए गए लॉकडाउन के चलते लोग घरों के भीतर ही हैं। ऐसे में कई गरीब व मजदूर जो दिहाड़ी पर ही निर्भर रहते हैं। उन्हें रोजी रोअी की चिंता सताने लगी, लेकिन सामाजिक संगठनों की ओर से ऐसे परिवारों के लिए सैकड़ों हाथ उठने शुरू हो गए हैं। पूर्व मंत्री डॉ. दवेंद्र मन्याल ने जिले के दूर दराज के पहाड़ी गांवों रियोर, गुजवाल, नड में गरीब व मजदूर परिवारों में राशन वितरित किया। इस अवसर पर स्थानीय कारड पंचायत की सरपंच क्रांती किरण, कुमार सिंह, पंच करतार चंद, पंच सोनिया सिंह भी उनके साथ रहे। उधर पंगदौर पंचायत की सरपंच रीना चौधरी ने गरीब परिवारों में राशन बांट कर उनकी सहायता की है। संवाद
------------
युवाओं ने बांटा मजदूर परिवारों में खाना
सांबा। जिला सांबा के युवाओं द्वारा लोगो की सेवा करने के लिए हैल्पिंग हैंड संस्था बनाई जो विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लॉक डाउन से प्रभावित हुए परिवारों को लंगर मुहैया करवा रही है। हल्पिंग हैंड संस्था स्थानीय युवाओ द्वारा बनाई गई है जिसमें निजी नौकरियां करने वाले युवा आपस में पैसे इकत्रित कर खाना बनाकर लोगो को परोस रहे है ताकि लॉक डाउन के चलते कोई भी गरीब भूखा न रह सके। अजय, मोहित,अभी अभिनाष व अमित ने लोगो से आपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति भूखा है तो वह हमारे फ़ोन न 9906032886 ,8825074759 पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक लॉकडाउन चलेगा वह अपना लंगर जारी रखेंगे।
-----------
जमकर की दीये और मोमबत्तियों की खरीदारी
सांबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर लोगों ने दीये और मोमबत्तियों की जमकर खरीदारी की। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि रविवार को रात 9 बजे से 9 मिनट तक घरों की बिजली बंद कर दिए, मोमबत्तियां, टॉर्च जलाकर प्रकाश करें। इसको देखते हुए जिला के हर क्षेत्र के लोगों ने लॉकडाउन में सुबह मिली ढील के दौरान खूब मोमबत्तियों व दीये की खरीदारी की, ताकि लोग घरों में प्रकाश कर सकें। इसको लेकर आम लोगों में भारी उत्साह देखा गया। वहीं कस्बे के कई बुद्धिजीवियों ने लोगों से अपील कर उन्हें मोमबत्तियां जलाने को कहा।