रामबन। रामबन के बनिहाल तहसील में शनिवार को कोरोना संक्रमण के छह और नए मामले आए हैं, जिसके साथ जिले में पॉजिटिव मामलों की संख्या 207 हो गई है। यह सभी मामले 16 जून को बैंक के पॉजिटिव पाए गए एक कर्मी के संपर्क में रहे हैं और उसके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार 16 जून को जब बैंक कर्मी पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद हाला चंवलवास पंचायत को रेड जोन घोषित कर लोगों के सैंपल लिए जा रहे थे। शनिवार को आई रिपोर्ट में उक्त कर्मी के संपर्क में रहे छह रिश्तेदार पॉजिटिव मिले हैं, जिसके प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें कोविड केयर सेंटर जिला अस्पताल में लाया गया है।
इसके साथ ही उनके संपर्क में रहे लोगाें की पहचान की जा रही है। इसी के साथ जिले में पॉजिटिव का आंकड़ा 207 हो गया है, जिसमें से 116 ठीक हो कर घर लौट चुके हैं जबकि 91 अभी उपचाराधीन हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि रेड जोन में क्षेत्रवासी प्रशासनिक नियमों की अवहेलना कर रहे हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से रेड जोन में और सख्ती बढ़ाने की अपील की है।