जम्मू। कोरोना के मामलों में जम्मू संभाग कश्मीर से भी आगे निकल गया है। जम्मू जिले में कोरोना के मामले 8352 पहुंच गए हैं। इनमें 5570 सक्रिय मामले हैं। पूरे जम्मू संभाग में 9298 एक्टिव मामले हैं, जबकि कश्मीर में एक्टिव मामलों की संख्या 8183 रह गई हैं। जम्मू जिले में कोरोना मरीजों के लिए अस्पताल में बेड तक खाली नहीं बचे हैं। जिले में रविवार को ही तीन कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इनमें शास्त्री नगर के बुजुर्ग की मौत हुई है, जो जीएमसी में उपचारधीन था। तालाब तिल्लों से एक महिला और एक व्यक्ति की भी कोरोना से मौत हुई। इसके अलावा 405 नए केस जम्मू जिले में सामने आए हैं।
अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए जगह कम पड़ने के कारण घरों में ही मरीज दम तोड़ रहे हैं और उन्हें अस्पताल में मृत लाया जा रहा है। कोरोना के पॉजिटिव मामले आने पर लोगों को घरों पर ही रहने की सलाह दी गई हैं। आने वाले दिनों में हालात और खराब होने की आशंका बन गई है।
रविवार को जम्मू में अलग-अलग क्षेत्रों में 451 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। इनमें 51 लोग पॉजिटिव पाए गए। जम्मू एयरपोर्ट पर 19 लोग कोरोपा संक्रमित पाए गए, जबकि रेलवे में 19 यात्री पॉजिटिव पाए गए है। अब तक जम्मू जिले में कुल 65444 रैपिड टेस्ट किए गए हैं। इनमें 4980 पॉजिटिव मामले पाए गए हैं।