आरएस पुरा / मीरां साहिब। उपजिले में रविवार को टीका उत्सव पर स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे लोगों की काफी भीड़ लगी रही। सुबह सात बजे ही लोग उपजिला अस्पताल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे।
शनिवार को 1468 लोगों को उपजिले में वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। रविवार को उपजिला अस्पताल व ग्रामीण क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचे लोगों ने कह कि पहले से नाम दर्ज कराने पर स्वास्थ्य कर्मी मनमानी कर रहे हैं। लंबी लाइनों में खड़ा होने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पत्नी को वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे सुभाष दषगोत्रा ने कहा कि शनिवार को गांव कृष्णा नगर पंचायत मरालिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे थे, लेकिन वैक्सीन की डोज नहीं लग पाई। रविवार सुबक बने केंद्र में पहुंचने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को चाहिए कि वह लोगों के नाम पंजीकृत करने के बाद उन्हें वैक्सीन लगाए जाने की तिथि बता कर स्वास्थ्य केंद्रों में बुलाया जाए ताकि न तो अधिक भीड़ हो और लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए दिक्कत न हो।
गांव तूतडे़ के बुजुर्ग बोधराज ने बताया कि दो दिन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आ रही पर रुटीन के मुताबिक वैक्सीन नहीं लगाई जा रही। स्वास्थ्य कर्मी जान पहचान वाले लोगों को तरजीह दे रहे हैं। महिला विमला देवी ने कहा कि जिस प्रकार लाइन लगा रखी है। उससे भी लोगों में कोरोना का कोई रोगी होने पर क्या होगा भगवान ही जाने।
------
उपजिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाने के लिए आ रहे लोगों को कोई दिक्कत नहीं आ रही। अगर किसी केंद्र में दिक्कत आ रही है तो स्टाफ में बढ़ोतरी कर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक जरूरत के मुताबिक वैक्सीन का स्टाक है। लोगों से आग्रह है कि मास्क लगाए जाने के साथ दो गज की दूरी बनाए रखने के लिए लोग स्वास्थ्य कर्मियों से सहयोग करें।
-सतीश कुमार, ब्लाक मेडिकल अधिकारी, आरएस पुुरा
रविवार को भी दी गई वैक्सीन
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रविवार को टीका उत्सव घोषित किया गया है। रविवार को भी लोगों को वैक्सीन की खुराक दी गई है। सांबा में सोशल मीडिया पर प्रचार किया गया कि अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों में वैक्सीन की खुराक समाप्त हो चुकी है। इससे लोगों को वैक्सीन नहीं लग पाएगी।
इन दिनों बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए आम लोग भी परेशान हो उठे हैं। पहले चरण में 60 वर्ष से अधिक की आयु के लोगों को वैैक्सीन दी गई, बाद में 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन दी जा रही है। ऐसे में वैक्सीन की कमी की खबर सुनकर लोगों में चिंता बननी शुरू हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को भी जिला अस्पताल में वैक्सीन की खुराक दी गई है।
-----
वैक्सीन की कमी नहीं है, सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों को दूसरी खुराक को लेकर कुछ कमी हुई थी, लेकिन खुराक समाप्त नहीं हुई है। रविवार को भी जिला अस्पताल में वैक्सीन की खुराक दी गई है।
-डॉ. विनोद शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल, सांबा
अखनूर में एसओपी का उल्लंघन करने पर चालान
अखनूर। एसडीएम गोपाल सिंह के निर्देश पर कोविड-19 मामलों के मद्देनजर प्रशासन की टीम ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में लोगों का एसओपी का उल्लंघन करने पर चालान किया गया। इन सभी पर मास्क नहीं पहनने और सार्वजनिक स्थानों पर दूरी बनाए नहीं रखने का आरोप पाया गया। इन सभी से 1000 रुपये जुर्माना वसूला गया।
नायब तहसीलदार अशोक शर्मा ने बताया कि तहसील में इस वायरस के प्रसार से लड़ने के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। यह वायरस देश में फिर से सिर उठा रहा है। हम सभी को मास्क पहनने, दूरी बनाए रखने, नियमित रूप से हाथ धोने या संयोजकों का उपयोग करने, सभा से बचने का पालन करना चाहिए।