रियासी। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को लगातार पांचवें दिन 24 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। इनमें से 22 मामले बिना क्वारंटीन के थे, जो संक्रमितों के संपर्क में आने से बीमार हुए हैं। पांच दिन में संक्रमितों का आंकड़ा सवा सौ के पार पहुंच गया है।
प्रशासन ने कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए बिना टेस्ट के जिले में प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई है। बुधवार को दूसरे दिन निगेटिव लोगों को ही जिले में प्रवेश मिला है। वहीं, मांग के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों का कटड़ा में टेस्ट हो रहा है। इसके अलावा जिले के अन्य प्रवेश द्वार पर यह व्यवस्था नहीं है। इसलिए प्रशासन ने नाकेबंदी कर टेस्ट करवा कर ही जिले में प्रवेश करने के लिए अनिवार्य नियम बना दिया है। बुधवार को सुंदरबनी की तरफ से भांवला आने वाले चार वाहनों को लौटा दिया गया। उन को टेस्ट करवा कर आने की हिदायत दी गई। मौजूदा समय के दौरान भांवला बाजार को बंद रखा गया है, ताकि संक्रमण को रोका जा सके।