अरनिया बन रहा है हॉट स्पॉट जोन
चार दिन में 350 में से 108 लोग पॉजिटिव पाए जा चुके हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। कोरोना के बढ़ते मामलों में अरनिया हॉट स्पॉट जोन बन रहा है। यहां प्रतिदिन संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। बीते चार दिन के आंकड़ों पर अगर नजर दौड़ाई जाए तो किसी दिन 100 में से 16 तो किसी दिन 100 में से 42 कोरोना संक्रमित मिले हैं। शनिवार को यह आंकड़ा 100 में से 37 के पॉजिटिव होने तक पहुंच गया है। इस तरह से यह क्षेत्र में हॉट स्पॉट जोन बन रहा है। चार दिन में 350 में से 108 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
क्षेत्र में शनिवार को 100 लोगों का रेंडम टेस्ट किया गया। इसमें 37 लोग पॉजिटिव पाए गए। इसी के साथ ही क्षेत्र में कोरोना संक्त्रस्मितों आंकड़ा 213 तक पहुंच गया। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को भी 100 लोगों के टेस्ट लिए गए थे, जिनमें में से 42 लोग पॉजिटिव पाए गए थे। तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने चिकित्सा टीम के साथ पहले उप चिकित्सा केंद्र व तरेवा मोड़ पर नाका लगा कर 100 लोगों के रेंडम टेस्ट के तहत सैंपल लिए। जिनमें से 37 लोगों के सैंपल पॉजिटिव पाए गए। इसी दौरान चिकित्सा टीम ने कोरोना से बचने के लिए लोगों को टिप्स देकर जागरूक भी किया।
उधर वीरवार को स्वास्थ्य टीम ने 100 लोगों के परीक्षण किए जिसमें से 16 लोग संक्रमित पाए गए। इनमें से 13 अरनिया तहसील और अन्य तीन दूसरी तहसील के शामिल रहे। तहसील प्रशासन ने 13 लोगों को कोरोना सेफ्टी किट दी है। जिसमें कोरोना वायरस से लड़ने के लिए पांच प्रकार की दवाइयां और एक पल्स मीटर शामिल रहा। ताकि संक्रमित व्यक्ति अपना पल्स रेट आसानी से जांच सके। अगर पल्स रेट 100 से नीचे जाती है तो वह फौरन स्वास्थ्य विभाग को फोन करके ले सकता है।
जबकि 10 मई को रेपिड एंटीजन के 50 टेस्ट में 13 पॉजिटिव पाए गए इनको भी कोविड-19 की सख्त हिदायतें देकर होम क्वारंटीन में रखा गया है। कहा गया कि लोगों को दो गज दूरी व मास्क जरूर पहनना चाहिए ताकि हम सब सुरक्षित रहें।
अरनिया में मिल रहे कोेरोना संक्रमितों के आंकड़ों को गंभीरता से लेने की जरूरत हैं। हालांकि तरेवा की सरपंच ने इस दिशा में एक अच्छी पहल की है। उन्होंने अपने प्रयास से 50 बेड का एक क्वांरटीन सेंटर तैयार कराया है। दूसरी तरफ से स्वास्थ्य विभाग लोगों को हिदायतें दे रही है कि कोरोना को लेकर सावधानी बरती जाए। अधिक से अधिक लोग घरों में रहें। मास्क का प्रयोग करें, टीकाकरण कराएं। अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें।
फोटो
अपर स्लैड पंचायत में बांटे मास्क व सैनिटाइजर
बिश्नाह। गांव अपर सलेहड़ में भाजपा आरएस पुरा प्रवक्ता राकेश पंत ने पंच प्रवीण मांडी और युवा ब्रिगेड के साथ शनिवार को डोर टू डोर मास्क वितरण कार्यक्रम चलाया। इस दौरान लोगों को मास्क व सैनिटाइजर बांटे गए। राकेश पंत ने लोगों से कहा कि वह घरों से बाहर न निकलें एवं ज्यादा जरूरी काम पड़ने पर मास्क पहनकर ही निकलें।
इसके साथ ही सैनिटाइजर या साबुन का इस्तेमाल करें हाथों को बार-बार धोएं। घर के बड़े बुजुर्गों और बच्चों को इस बीमारी से बचाने का प्रयास करें। राकेश पंत ने लोगों को अपने नजदीकी कोरोना टेस्ट सेंटर में जाकर टेस्ट कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार खांसी या जुकाम है तो वह इन्हें हल्के में न लें और जल्दी से जल्दी डॉक्टर से संपर्क करके टेस्ट कराएं। पंत ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वो लोगों तक पहुंचने का प्रयास करें। जरूरतमंद लोगों को राशन और जरूरी सामान पहुंचाने का प्रयास करें।
आरएस पुरा में 420 में 50 पॉजिटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। उपजिले में शनिवार को रैपिड टेस्ट के लिए बनाए केंद्रों में कुल 420 में 50 पॉजिटिव आए लोगों को होम आइसोलेशन किया गया। दूसरी ओर 430 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 18 से 44 वर्ष के आयु के लोगों को वैक्सीन का स्टाक नहीं होने पर निराश लौटना पड़ा। समाजसेवीसेवानिवृत्त हेडमास्टर प्रमोद कुमार ने कहा कि 18 से 44 वर्ष तक के लोगों को वैक्सीन नहीं लग रही। दूसरी और मोबाइल एप पर पंजीकृत कराए जाने के लिए पहले से ही स्लाट बुक होने पर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन उपलब्ध होने पर हर पंचायत में 18 से 44 वर्ष तक के लोगों को वैक्सीन लगाई जाऐ ताकि अधिक लोग कवर हो सकें।
पैरामेडिकल कर्मी को प्रशिक्षण नहीं होने पर वेंटिलेटर किसी काम के नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। उपजिला अस्पताल में इस समय सात वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। लेकिन इसके लिए न तो विशेषज्ञ की सुविधा है और न ही पैरामेडिकल कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है। ऐसे में सुविधा होने पर लोगों को जम्मू मेडिकल कॉलेज की ओर रुख करना पड़ता है।
पूर्व विधायक डॉ. गगन भगत का कहना है कि तीन वर्ष पहले उपजिला अस्पताल में ब्लड बैंक के लिए राशि मुहैया कराए जाने पर अभी तक इसकी सुविधा उपजिला के लोगों को नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से बड़े दावे किए जा रहे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के पास जरूरत के मुताबिक डॉक्टर व पैरा मेडिकल कर्मी तक नहीं, जिससे इस समय कोरोना के चलते कई लोगों को जान गंवानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इस समय भी आरएस पुरा उपजिला अस्पताल में रात के समय एक डॉक्टर की ही सुविधा है। इस समय कम से कम दो डॉक्टर नियुक्त किए जाएं ताकि यहां पहुंचने वाले रोगियों का रात के समय उपचार हो सके।
जम्मू मेडिकल कॉलेज में पहले ही काफी लोड होने पर उपजिला अस्पताल में रात को आने वाले रोगियों का प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू भेज दिया जाता है।
कोरोना के खौफ से कम ही बाहर कम ही निकल रहे लोग
विजयपुर। कोरोना कर्फ्यू के चलते रेहड़ी, फड़ी, दुकानें बंद रहीं। गलियों, मोहल्लों और बाजारों में सुनसान रहीं। जनता कोरोना के खौफ से बाहर कम ही निकल रही है। क्षेत्र के रमेश शर्मा, दीपक कुमार, तीर्थ राम ने बताया कि इस कोरोना कर्फ्यू में मास्क और दो गज की दूरी का पालन किया जा रहा है। ताकि इस बीमारी पर विजय प्राप्त की जा सके। सभी गलियों, सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मात्र मेडिकल स्टोर और इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहीं। कोरोना से ज्यादा मौतें होने के कारण इस समय लोग डरे हुए हैं। जो लोग बिना वजह घर से बाहर निकल रहे हैं, पुलिस उनको कोरोना महामारी के प्रति जागरूक करके घरों में भेज रही है ताकि बीमारी से बचा जा सके। संवाद