जम्मू। जिले में वीरवार को रैपिड एंटीजन टेस्टिंग में 222 लोग कोविड संक्रमित मिले। इसमें गांधीनगर अस्पताल में 36, ब्लाक बिश्नाह में 6, ब्लाक डंसाल में 9, ब्लॉक कोट भलवाल में 18, ब्लॉक मढ़ में 10, मोबाइल वैन सैंपलिंग में 86, अर्बन दोबारा सैंपलिंग में 4 और संक्रमित मामलों में संपर्क ट्रेसिंग में 40 मामले मिले। इसके अलावा रेलवे स्टेशन जम्मू पर 12 और एयरपोर्ट पर 20 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इस बीच स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्तीय आयुक्त अटल डुलू ने वीरवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेडिकल कालेजों और अन्य अस्पतालों के अधीक्षकों के साथ बैठक कर कोविड और गैर कोविड रोगी चिकित्सा देखभाल को मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक में जीएमसी जम्मू और एसोसिएटेड अस्पतालों के लिए 500 अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडरों की मांग की गई। इसके अलावा बेडों की क्षमता पर भी चर्चा की गई। आगामी दिनों में आइसोलेशन बेडों को बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।