सांबा। कोरोना महामारी को देखते हुए प्रशासन ने अब बिना मास्क के घरों से बाहर निकलने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस की ओर से मिना मास्क के घूमने वालों के चालान काटे जा रहे हैं। कोरोना वायरस के फैलने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों व सरकार की ओर से भी आम लोगों को मास्क बांटे गए। वहीं उन्हें जागरूक भी किया गया कि घरों से बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहनें। ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रत्येक पंचायत को मास्क उपलब्ध कराए गए कि वह अपनी-अपनी वार्ड के लोगों में बांटे। इसके बावजूद भी लोग घरों से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। प्रशासन के आदेश पर पुलिस ने अब ऐसे लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जो बिना मास्क के घरों से बाहर घूमते मिल रहे हैं। सीमावर्ती गांव बैनगलाड, कंगवाला, सदोह आदि में पुलिस ने बिना मास्क लगाए घूमने वाले एक दर्जन लोगों का गत दिवस चालान किया है। उन्हें जागरूक भी किया गया कि भविष्य में घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहनें। सीमावर्ती तहसील राजपुरा में भी बिना मास्क घूमने वालों पर उचित कार्रवाई की जा रही है। ताकि कोरोना वायरस को अधिक फैलने से बचाया जा सके।