संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। देश की पहली कार्बन न्यूट्रल पंचायत पल्ली के सोलर प्लांट से लगभग पांच लाख रुपये के कॉपर के तार चोरी होने का मामला आया है। इसके चलते 90% सोलर प्लांट ठप पड़ा है। सोलर प्लांट 500 किलोवाट क्षमता का है। सोलर पैनल से इनवर्टर को सप्लाई देने वाले काॅपर के तार चोरी होने से महज 100 किलोवाट सोलर प्लांट सुचारू है।
सोलर प्लांट में पांच इनवर्टर लगाए गए हैं। सोलर पैनल इनवर्टर को बिजली भेजता है। इसके बाद इनवर्टर ट्रांसफॉर्मर को बिजली भेजता है। चोरों ने तीन इनवर्टर के तार चोरी कर लिए हैं। सोलर प्लांट में काॅपर के तार चोरी होने का पता साफ-सफाई के दौरान चला। सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड कंपनी के इंजीनियर ने साफ सफाई के बाद सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण में इंजीनियर ने देखा कि सोलर पैनल से इनवर्टर के साथ जुड़े तार कटे हैं। इसके चलते सोलर प्लांट पूर्ण रूप से सुचारू नहीं है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के उच्च अधिकारियों को चोरी के बारे में बताया गया है। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में बाड़ी ब्राह्मणा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई गई है। उन्होंने बताया कि असिस्टेंट कमिश्नर आफ पंचायत सांबा एनडी वर्मा को घटना से अवगत करवाया है।
पल्ली सोलर प्लांट में काॅपर के तार चोरी तकनीकी जानकार द्वारा की गई है। चोरी को अंजाम देने से पहले मुख्य ट्रांसफार्मर को फ्यूज किया गया है। उसके बाद तीन से चार लोगों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोलर प्लांट में एक सप्ताह पहले तीन से चार लोग घूम रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का आशंका है कि सोलर प्लांट में साफ-सफाई के दौरान चोरी की गई होगी।
असिस्टेंट मैनेजर सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड समाज हुसैन ने बताया कि सोलर प्लांट में निरंतर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इससे सोलर प्लांट पूर्ण रूप से सुचारू नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को इस समस्या से अवगत करवाया गया है। लेकिन उसके बावजूद भी चोरी पर रोकथाम नहीं लग रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सुरक्षाकर्मी सोलर प्लांट में तैनात नहीं किए जाएंगे, तब तक चोरी की घटनाएं होती रहेगी।
-
साफ-सफाई के दौरान चोरी की वारदात सामने आई है। कंपनी के इंजीनियर को नुकसान की रिपोर्ट बनाकर सबमिट करने के लिए कहा है। शुक्रवार को सोलर प्लांट का दौरा किया जाएगा। सोलर प्लांट को जल्द पुन: बहाल करने की कोशिश की जाएगी। सुरक्षाकर्मी की तैनाती को लेकर डीसी के साथ बैठक की जाएगी।
एनडी वर्मा, असिस्टेंट कमिश्नर