चलते पुलिस वाहन से सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल को बदमाशों ने नीचे फेंक दिया। इससे उसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं। जीएमसी के आईसीयू में कांस्टेबल जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दो आरोपियों को दबोच लिया है। घटना शहर के सरवाल इलाके की है। आरोपियों पर सरकारी मुलाजिम को पीटने और सरकारी काम में दखलअंदाजी करने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना शुक्रवार देर रात की है।
बताया जा रहा है कि सरवाल अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट की ओर से पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत की गई। बताया गया कि कुछ युवक शराब पीकर अस्पताल में हंगामा कर रहे हैं। मरीजों और तीमारदारों को तंग कर रहे हैं।
इसके बाद सरवाल पुलिस चौकी के सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ पुलिस जिप्सी में अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने जानीपुर के रहने वाले साहिल कुमार और अरुण कुमार को पकड़ लिया।