जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर श्रीनगर इलाके के सेमपोरा तथा पंथा चौक क्षेत्र में फिदायीन हमले का इनपुट सुरक्षा एजेंसियों को मिला है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियों को इस बात के इनपुट मिले हैं कि आतंकियों ने श्रीनगर के बाहरी इलाके में फिदायीन हमले की साजिश रची है। हमला हाईवे पर होना है।
सेना तथा सुरक्षा बलों के काफिले तथा सुरक्षा बलों के प्रतिष्ठान, ठिकाने को निशाना बनाया जा सकता है। सूत्रों ने बताया कि इनपुट मिलने के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियों ने बैठक कर सुरक्षा का खाका खींचा। हाईवे पर गश्त तेज करने के साथ ही नाकों पर तैनात सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है। हर आने जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि किसी भी इनपुट को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। इस वजह से अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि आतंकियों के मंसूबे को ध्वस्त किया जा सके। माना जा रहा है कि आतंकियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से उनमें बौखलाहट है। अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए इस प्रकार के हमले किए जा सकते हैं। ज्ञात हो कि इसी महीने आतंकियों ने अनंतनाग जिले के बटिंगू इलाके में अमरनाथ यात्रियों की बस पर हमला किया था जिसमें आठ यात्रियों की मौत हो गई थी।