चोरों से सावधान के पोल्टर लगाता पुलिस कर्मी।
जम्मू। आए दिन एटीएम और बैंकों में खाताधारक ठगी के शिकार हो रहे हैं। खाताधारकों को इनसे बचाने के लिए शहर की नेहरू मार्केट पुलिस चौकी (वेयर हाउस) प्रभारी की तरफ से विशेष पहल की गई है। गांधी नगर पुलिस स्टेशन अंतर्गत तमाम पुलिस स्टेशनों और पुलिस चौकियों के अधीन आने वाले एटीएम और बैंकों के बाहर पोस्टर लगाए गए हैं। इसमें कई तरह की जानकारियां प्रकाशित की गई हैं।
नेहरू मार्केट पुलिस चौकी प्रभारी सुमित शर्मा ने कहा कि फ्रॉड के मामले बढ़ रहे हैं। एटीएम आने वाले लोगों के पैसे निकल जाते हैं। जो इस काम में शामिल हैं, वह इसी ताक में रहते हैं। वह एटीएम आने वाले लोगों का धोखे से कार्ड बदलकर पैसे निकाल लेते हैं। लोगों को जागरूक करने की कोशिश कर रहे हैं कि किसी को अपना एटीएम कार्ड न दें। बैंक जाते समय किसी से अपना बैंक खाता शेयर न करें। यदि किसी भी बात की जानकारी चाहिए, तो बैंक कर्मियों से ही बात करें। किसी अज्ञात के साथ अपने बैंक खातों की जानकारी साझा न करें। इन्हीं सब जानकारियों के साथ पोस्टर लगाए गए हैं। इसका मकसद है कि लोग फ्रॉड करने वालों से सावधान रहें।