जम्मू। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को शहीदी चौक स्थित राजीव भवन में प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि मनाई गई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू को पुष्पांजलि अर्पित कर योगदान को याद किया।
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने कहा कि पंडित नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाने के साथ आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है और उनकी दूरदर्शिता के कारण ही राज्य में भारत के पक्ष में जनसमर्थन मजबूत हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का प्रयास कर रही हैं। डीसीसी अध्यक्ष जम्मू शहरी एवं पूर्व मंत्री योगेश साहनी ने कहा कि पंडित नेहरू ने लोकतंत्र, पंचायती राज और औद्योगिकीकरण की मजबूत आधारशिला रखी।