राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। कांग्रेस आलाकमान ने हर हाल में आजाद की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा आलाकमान उनकी राह रोकने को सारे तिकड़म भिड़ा रहा है।
भाजपा और पीडीपी को कुछ निर्दलीय विधायकों के समर्थन से बने समीकरण ने आजाद के लिए चक्रव्यूह की रचना की है। इसे भेदना आजाद के लिए बड़ी चुनौती है। भाजपा महासचिव राम माधव ने विधायकों के साथ मैराथन मंथन में रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है।
उधर, आजाद ने भी कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक कर भाजपा-पीडीपी की चाल का तोड़ खोजने की कोशिश की। प्रदेश अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज शुक्रवार को विधायकों के साथ बैठक में रणनीति तय करेंगे।
नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी आजाद के समर्थन में निर्दलीय विधायकों से अपील कर रहे हैं।
तीन सीटों पर भाजपा-पीडीपी की जीत लगभग तय
राज्यसभा की चार सीटों के लिए 7 फरवरी को चुनाव है। तीन सीटों पर भाजपा-पीडीपी की जीत लगभग तय है। हालांकि, नेकां ने निर्विरोध चयन की राह में रोड़े अटकाते हुए अपने दो प्रत्याशी खड़े कर दिए हैं। लेकिन, संख्या बल नेकां के पक्ष में नहीं है।
तीसरी सीट पर पर भी भाजपा-पीडीपी के प्रत्याशी की आसन जीत तय मानी जा रही है। सारी कवायद चौथी सीट के लिए है। इस पर आजाद काबिज होना चाहते हैं। भाजपा ने अपने विधायकों को पीडीपी के पक्ष में भी वोट करने के निर्देश दे दिए हैं।
चुनाव की घोषणा के बाद राम माधव विधायकों के साथ तीन बैठकें कर चुके हैं। कोर कमेटी की भी तीन बैठकें हो चुकी हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी विधायकों और कोर कमेटी के साथ बैठकें की हैं। कांग्रेस विधायक दल की पहली बैठक वीरवार को हुई और दूसरी शुक्रवार को प्रस्तावित है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा ने भी अपने विधायकों को भाजपा के पक्ष में भी मतदान करने को कहा है। नेकां विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री उमर ने कांग्रेस प्रत्याशी आजाद की जीत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
रशीद और यासीन से आजाद की मुलाकात
निर्दलीय विधायक और इंजीनियर रशीद और पीडीएफ विधायक हकीम यासीन के वोट से ही चौथी सीट पर फैसला होना है। गुलाम नबी आजाद ने राशीद और यासीन से मुलाकात कर अपने पक्ष में वोट डालने की अपील की है।
विधायक रशीद का कहना है कि वह किसी थर्ड फ्रंट में नहीं हैं। वह अपने क्षेत्र की जनता की इच्छाओं के अनुरूप और अपनी आत्मा की आवाज पर वोट डालेंगे। वैसे उनके समर्थकों ने उनका वोट पीडीपी के पक्ष में जाने के संकेत दिए हैं।
विधायक यासीन का कहना है कि आजाद उनसे मिले थे। लेकिन, वह अपना वोट आत्मा की आवाज पर देंगे। पीपुल्स कांफ्रेंस के सज्जाद लोन और बशीर अहमद का वोट भाजपा को मिलना तय है। निर्दलीय पवन गुप्ता भाजपा के पक्ष में हैं। एमएलए बकीर रिजवी ने भी पीडीपी को समर्थन दिया है।