जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का मजा लेने के लिए देश-विदेश से पर्यटकों की भीड़ पहुंच रही है। ऐसे में बॉलीवुड स्टार और कॉमेडियन भारती भी श्रीनगर पहुंची हुई हैं। लगातार दो दिन से हो रही बर्फबारी के चलते श्रीनगर से उड़ने वाली सभी फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं हैं।
भारती ने ट्वीट कर लिखा है कि वह श्रीनगर में दो दिनों से फंसी हुई हैं। उनकी फ्लाइट दो दिन पहले कैंसिल हुई थी। इसके बाद दो दिन बीत गए फिर भी गो एयरलाइन्स ने उनकी कोई मदद नहीं की है। उन्होंने लिखा कि वह एयरलाइन के इस अंदाज से काफी निराश हैं।
आपको बता दें कि घाटी का शनिवार दूसरे दिन भी देश से सड़क संपर्क कटा रहा। जम्मू-श्रीनगर हाईवे स्थित जवाहर टनल पर बर्फबारी से शुक्रवार शाम से ही यातायात रोका गया है। इससे दोनों ओर से हजारों वाहन फंसे हुए हैं।
राजोरी और पुंछ जिले को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाला मुगल रोड पहले से ही बंद है। वैष्णो देवी के भवन सहित भैरों घाटी और सांझी छत्त मार्ग तक बर्फबारी हुई। कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा पांच घंटे प्रभावित रही। उधर मौसम ख़राब होने के चलते श्रीनगर से भी उड़ान रद्द की गयी हैं।