संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू में यूजी छठे सेमेस्टर के छात्रों ने शुक्रवार को वीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू, कॉमर्स, कॉलेज जम्मू, पद्म श्री पद्मा सचदेव महिला कॉलेज गांधी नगर, एमएएम कॉलेज जम्मू के छात्रों कहा कि छह माह का पाठ्यक्रम एक माह में पूरा किया जा रहा है। जबकि, नियम के अनुसार एक सेमेस्टर छह महीने का होता है, लेकिन क्लस्टर विश्वविद्यालय एक साल में तीन सेमेस्टर पूरा कर रहा है। हालांकि, एक साल में सिर्फ दो ही सेमेस्टर पूरे होते हैं। छात्रों का आरोप है कि प्रशासन अपनी मर्जी से किसी भी समय डेटशीट जारी करता है, जिसका खमियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। छात्र मोहित ने कहा कि कुछ दिन पहले छठे सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू हुईं। अब असाइनमेंट लेने की तैयारी है। असाइनमेंट में पूरा पाठ्यक्रम में से प्रश्न निर्धारित किया जाएगा। जो पाठ्यक्रम एक महीने में पूरा होता है। शिक्षक उसे एक घंटे में पूरा कर रहे हैं। इससे से पढ़ाई का बोझ बढ़ रहा है। छात्रा सहारीश ने कहा कि कक्षाएं शुरू होने के एक सप्ताह बाद असाइनमेंट लिए जा रहे हैं। जल्द परीक्षाएं ली जा रही हैं, लेकिन पाठ्यक्रम अधिक होने से छात्र तैयार नहीं हो पा रहे हैं। एक माह का पाठ्यक्रम एक दिन में छात्रों के लिए तैयार करना संभव नहीं है। शिक्षक तेज रफ्तार में पढ़ाते हैं। किसी छात्र को समझ आए या नहीं। इससे कोई मतलब नहीं। समस्या ध्यान में रख पाठ्यक्रम कम करना चाहिए।
परीक्षा प्रणाली में नहीं कर सका क्लस्टर विश्वविद्यालय सुधार
छात्रा मेलहार मुश्ताक ने कहा कि जम्मू विश्वविद्यालय समय पर परीक्षाओं का आयोजन करता है। निर्धारित समय में पाठ्यक्रम भी पूरा किया जाता है, लेकिन क्लस्टर विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं है। अब छठे सेमेस्टर के छात्र सीयूईटी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। दूसरी तरफ से उन्हें छह महीने का पाठ्यक्रम कॉलेज प्रबंधन एक महीने में पूरा करवा रहा है। छात्र कैसे पढ़ाई करेंगे। छह महीने में ही सेमेस्टर पूरा करने का इंतजार करते हैं तो पीजी बीए़ड करने से वंचित रहे जाते हैं। इस परिस्थिति में विश्वविद्यालय के पास एक विकल्प है कि वह छात्रों को ओपन चाइस दे ताकि कम समय में सेमेस्टर पूरा हो और साल भी बर्बाद न हो।