कारगिल तथा किश्तवाड़ में बादल फटने से भारी क्षति पहुंची है। कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। लोगों के घरों में पानी घुस गया। बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
लद्दाख क्षेत्र में खराब मौसम के चलते और बादल फटने की आशंका जताई गई है। इस वजह से पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को मैदानी इलाकों में सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।
जानकारी के मुताबिक कारगिल से करीब 40 किलोमीटर दूर चोस्कोरे वखा गांव में बादल फटने से अचानक बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हुई। इससे इलाके में करीब 24 रिहायशी मकानों को क्षति पहुंची।
प्रभावित लोगों को सेना और प्रशासन की सहायता से सुरक्षित स्थानों की ओर पहुंचाया गया। किश्तवाड़ के मढ़वा तहसील के कदरना में मंगलवार की रात को बादल फटा।
इससे कदरना, मंजगाम और पेठगाम के तीन स्कूलों की इमारतों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा सैकड़ों कनाल कृषि योग्य भूमि बह गई है। गांवों में पानी घरों तक पहुंच गया है।
सरपंच मोहम्मद रमजान डार और गुलाम हैदर मलिक का कहना है कि बादल फटने के कुछ ही देर में नालों में उफान आ गया।
इसे देखते हुए लोगों ने अपने घरों को खाली कर दिया, जिससे जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। इस संबंध में जिला उपायुक्त को सूचना दे दी गई है। साथ ही नुकसान के बारे में भी बताया गया है।