जम्मू। मौसम में आए बदलाव के चलते गुलमर्ग और साधनाटॉप में बर्फबारी और बारिश से घाटी में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। यहां कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री तक गिर गया है। वहीं, जम्मू में दिनभर बादल छाए रहने और देर रात हुई झमाझम बारिश से ठंड का असर बढ़ा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 7 से 9 नवंबर तक भी मौसम में उतार चढ़ाव रहेगा, जिसमें बारिश और बर्फबारी की संभावना है। बर्फबारी की सूरत में पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आमद बढ़ेगी।
कश्मीर में सर्द हवाओं से ठंड का अहसास बढ़ा है। कश्मीर के पर्यटन स्थल गुलमर्ग और साधनाऑप में बर्फबारी और अन्य हिस्सों में बूंदाबांदी के बाद पारे में गिरावट आई है। उधर, जम्मू में देर रात हुई झमाझम बारिश और आंधी चलने से जहां शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई वहीं, झिड़ी में मेले के लिए लगाए गए पंडाल उखड़ गए हैं।
श्रीनगर का अधिकतम तापमान 15.6 और न्यूनतम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान 2.0 और गुलमर्ग में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू का अधिकतम तापमान 26.1 और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 5.8, बटोत में 9.5, कटड़ा में 14.7, भद्रवाह में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 और कारगिल में 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।