निकासी बाधित होने से गलियों में जमा नालियों का पानी, लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे के वार्ड 11 की गली में पानी की निकासी न होने से लोग परेशान हैं। लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।
पार्षद कुमेर सिंह, वार्डवासी भगवान दास, मंगली देवी, कोमल राजपूत ने बताया कि निकासी न होने से नालियों का पानी गलियों में जमा रहता है। इसके चलते घूमकर हाईवे पर पहुंचना पड़ता है। गंदगी के चलते रिस्तेदार भी आने से कतराते हैं। पहले नाली का पानी नाले में चला जाता था। लेकिन, जब से हाईवे का फ्लाईओवर बना है, तब से परेशानी आ रही है। हाईवे प्राधिकरण ने नाला तो बनाया है, लेकिन हमारे वार्ड की गली की निकासी का कोई प्रबंध नहीं किया है। अब थोड़ी से बारिश होने पर पानी घरों में घुस जाता है।
पार्षद कुमेर सिंह ने कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष को कई बार समस्या से अवगत करवाया है। उपायुक्त समक्ष भी समस्या रखी थी, लेकिन अभी कोई उचित कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने कहा कि वार्ड में सफाई भी नहीं हो रही है। कस्बे के 17 वार्डों के लिए 110 सफाई कर्मियों की जरूरत है, लेकिन नगर परिषद के पास 25 कर्मचारी ही हैं। ऐसे में कस्बे की सफाई को लेकर परेशानी रहती है।
-
वार्ड 11 की गली से गंदे पानी की निकासी के लिए उपायुक्त से बात की है। हाईवे अथॉरिटी को भी कहा है कि निकासी नाले में की जाए। हालांकि, आपातकाल के लिए पंप का प्रबंध किया है।
पवन कोहली, अध्यक्ष, नगर परिषद सांबा