सफाई कर्मचारियों के लिए नगर परिषद में 110 पद, सफाई व्यवस्था ध्वस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। नगर परिषद के 17 वार्डों में सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो रही है। इसका कारण नगर परिषद में कर्मचारियों के खाली पड़े पद हैं। नप में सफाई कर्मियों के 110 हैं, जिन पर केवल 25 सफाई कर्मचारी तैनात हैं। ऐसे में शहर को साफ रखा पाना मुश्किल हो रहा है। नए वार्डों में सफाई व्यवस्था काफी बुरी है। नालियों में गंदगी भरी हुई है। सफाई न होने से गर्मियों में मक्खी-मच्छर का प्रकोप बढ़ने से लोग चिंतित हैं।
पार्षद राज सिंह, पार्षद माहेश्वर राज और पार्षद उत्तम चंद ने बताया कि उनके वार्ड 15, 16 और 17 में गंदगी से नालियां भर चुकी हैं। सफाई कर्मचारी न पहुंचने से परेशानी बनी हुई है। गर्मियों के दिनों में मक्खी-मच्छर फैलने से लोग चिंतित हैं। इस बारे में कई बार समस्या बताई है, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। नगर परिषद के पास 25 सफाई कर्मचारी हैं। इनमें से दो कर्मचारी उपायुक्त कार्यालय के लिए, तीन कर्मचारी जिला कोर्ट के लिए, दो कर्मचारी जिला अस्पताल के लिए, शहर में रखे कूड़ेदानों से गंदगी उठाने के लिए तीन वाहनों में नौ कर्मचारी भेजे जाते हैं। बाकी बचे कर्मचारी ही कस्बे के 17 वार्डों की सफाई करते हैं।
-
सफाई कर्मचारियों की काफी कमी है, जिससे कस्बे में सफाई की समस्या बनी रहती है। निजी तौर पर 15 सफाई कर्मचारियों को लगाया जा रहा है, ताकि नए वार्डों में सफाई की समस्या से कुछ राहत मिले।
- पवन कोहली, अध्यक्ष, नगर परिषद, सांबा