संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। वंशज शर्मा की घातक गेंदबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में पुडुचेरी को पहली पारी में 134 रन पर रोका। वंशज शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते पांच विकेट झटके। पुडुचेरी की टीम पहली पारी में 61 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने 33 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 90 रन बना लिए थे। जेएंडके अभी भी 56 रनों से पीछे है। खराब मौसम के कारण दूसरे दिन 51 ओवर का खेल हो सका।
जम्मू विश्वविद्यालय के क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन खराब मौसम के कारण खेल लंच के बाद शुरू हुआ। पुडुचेरी ने अपनी पारी 95 रन से आगे शुरू की। वंशज ने दिन के अपने पहले ही ओवर में नितिन प्रणव को एलबीडब्ल्यू आउट कर पुडुचेरी को छठा झटका दिया। पुडुचेरी के प्रवीन एक छोर पर डटे रहे और दूसरी छोर पर विकेट गिरते रहे। प्रवीन ने सर्वाधिक 42 रन की पारी खेली और अंतिम विकेट के रूप में आउट हुए। पुडुचेरी के लिए आर जसवंत श्रीराम (33 रन), कमलेश्वरन (31 रन) और शशांक (17 रन) ने बल्लेबाजी में योगदान दिया। जेएंडके के लिए वंशज शर्मा ने 21 ओवर में 33 रन देकर सर्वाधिक पांच विकेट झटके, जबकि विशाल कुमार और अर्चित महाजन ने दो-दो विकेट लिए। कवल प्रीत सिंह को एक विकेट मिला।
जम्मू-कश्मीर की ओर से आर्या ठाकुर और काजी जुनैद मसूद पारी की शुरूआत करने उतरे। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 13 रन की साझेदारी हुई। आर्या 12 रन बनाकर आउट हुए, जबकि काजी जुनैद मसूद ने 27 रन की पारी खेली। कवल प्रीत सिंह तीन ने तीन रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने तक यावर हसन (21 रन) और कन्हैया वाधवान (21 रन) बनाकर नाबाद क्रीज पर डटे हुए है। पुडुचेरी के तेजवीर सिंह, नमन सतीश शर्मा और पुवीआरासन ने एक-एक विकेट लिए। जेएंडके ने पहली पारी में 33 ओवर में तीन विकेट पर 90 रन बना लिए हैं और पुडुचेरी से अभी भी 56 रन पीछे है। तीसरे दिन का खेल जब शुरू होगा तो जम्मू-कश्मीर की निगाह पहली पारी में बड़ी बढ़त लेने पर होगा।