सलाल प्रोजेक्ट क्षेत्र ज्योतिपुरम की पुलिस चौकी में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान ने अपनी रिवाल्वर तथा नौ राउंड चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वर्तमान में जवान की ड्यूटी डैमटाप व ज्योतिपुरम में है।
जानकारी के अनुसार सीआईएसएफ के जवान ओंकारनाथ निवासी उधमपुर ने पुलिस चौकी में दर्ज रिपोर्ट में कहा है कि वह रोजाना की भांति वीरवार की सुबह दस बजे ड्यूटी करने चला गया था। दोपहर को वापस लौटने पर क्वार्टर का ताला टूटा मिला।
घर की तलाशी लेने पर वहां उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर और नौ राउंड भी गायब मिले। जवान के अनुसार इसके अलावा उसके कमरे से और कोई सामान गायब नहीं हुआ है। जवान की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल भी की। रिवाल्वर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद ड़ीएसपी हेडक्वार्टर तथा सीआईएसएफ के कमांडेंट भी पहुंचे।