- बोन एंड जॉइंट अस्पताल बरजुल्ला की नई इमारत का काम जनवरी में पूरा करने के दिए निर्देश, 160 बेड और बढ़ेंगे
- चाइल्ड हॉस्पिटल बेमिना में सराय बनाने के लिए कहा
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के अस्पतालों में स्टाफ की कमी को पूरा किया जाएगा। बुनियादी ढांचे के साथ सुविधाओं का विस्तार करेंगे। उन्होंने बोन एंड जॉइंट अस्पताल बरजुल्ला की नई इमारत का काम नए साल में जनवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बेमिना में 500 बिस्तर वाले बच्चों के अस्पताल में सराय बनाने के लिए कहा है।
बुधवार को सीएम ने स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू के साथ दोनों अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। सर्दियों की व्यवस्थाओं, उपचार सुविधाओं, चिकित्सा पेशेवरों और पैरामेडिक्स की उपलब्धता का आकलन किया। सीएम ने विश्व बैंक से वित्त पोषण के साथ झेलम-तवी बाढ़ रिकवरी परियोजना (जेटीएफआरपी) के तहत निर्मित बरजुल्ला अस्पताल के अत्याधुनिक अतिरिक्त ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। भूकंपरोधी प्रौद्योगिकी से तैयार किए गए इस ब्लॉक में 160 बेड जोड़े जाएंगे। इससे अस्पताल की कुल क्षमता 150 से बढ़कर 310 बेड की हो जाएगी। 2022 में अग्निकांड से अस्पताल की 200 बेड की क्षमता को कम कर दिया था। इसके बाद उमर ने बेमिना में बच्चों के अस्पताल का निरीक्षण किया। दूरदराज इलाकों से आए मरीजों व तीमारदारों ने उनके ठहरने के लिए सराय बनाने की मांग की। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को सराय तैयार करने का निर्देश दिया। अस्पताल के स्टाफ ने सुपर-स्पेशियलिटी सुविधाओं के विस्तार की मांग की। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मुद्दे का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य अधिकारियों को मरीजों के लिए दवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समय पर प्रबंध करने का निर्देश दिया।
25सीटीके06..महाकुंभ के लिए सामना को खाना करते संत व भाजपा कार्यकर्ता। संवाद- फोटो : jammu