जम्मू। शहर से 40वीं श्री माता वैष्णो देवी की पवित्र छड़ी यात्रा शनिवार को मां के जयघोष और ढोल नगाड़ों के साथ कटड़ा के लिए रवाना हुई। शहर के प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर से शुरू हुई यात्रा रघुनाथ बाजार, सिटी चौक सहित विभिन्न बाजारों से होते हुए नगरोटा स्थित कोल कंडोली मंदिर पहुंची। यहां मां के दर्शन करने के बाद छड़ी मां वैष्णो देवी के दरबार की लिए रवाना हुई। पहले नवरात्रि पर मां की पवित्र गुफा में पूरे विधिविधान के साथ छड़ी एवं अखंड ज्योति की पूजा होगी।
शिवसेना जम्मू-कश्मीर इकाई की ओर से छड़ी यात्रा का आयोजन किया गया है। अध्यक्ष मनीष साहनी ने बताया कि छड़ी यात्रा को कोल कंडोली मंदिर में लाने का मुख्य उद्देश्य पौराणिक मान्यताओं के अनुरूप यात्रा बहाल करना है। मां वैष्णो देवी से प्रार्थना है की प्रदेश व देश में अमन हो। छड़ी यात्रा में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल सहित अन्य राज्यों से आए पार्टी वरिष्ठ नेता एवं शिवसैनिक मौजूद रहे।