संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय कोटभलवाल के रणबीर परिसर में 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। छात्रों के मुताबिक एक महीने पहले शिक्षक छात्रा से अश्लील बातें करने लगा। छात्रा ने परिसर के निदेशक को शिकायत दी। जब आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई तो निदेशक ने जवाब दिया कि पीड़िता और आरोपी का समझौता हो गया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि वीरवार शाम सात बजे तक निदेशक के साथ बैठक हुई जिसमें अतिथि संकाय के तौर पर सेवाएं दे रहा अध्यापक भी था। वह जांच समिति का सदस्य नहीं है और न ही उन्हें बुलाया गया। विरोध करने पर अतिथि संकाय शिक्षक ने अन्य कैंपस में दाखिला तब्दील करने की धमकी दी। पत्र पर अन्य शिक्षकों के हस्ताक्षर भी करवाए गए। पत्र में लिखा है कि छह महीने से कुछ छात्र अशांति का माहौल बना रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि छह महीने पहले भी एक शिक्षक इंदिरा थियेटर में छात्रा के साथ पकड़ा गया था। उस पर कार्रवाई करने के बजाय दूसरे विश्वविद्यालय में भेज दिया था।
छात्रों के अनुसार एक शिक्षक ने बैठक में मामला दबाने का सुझाव दिया। जब नहीं माने तो उसने हमें आरोपी बना दिया और थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी देने लगा। निदेशक को चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो शुक्रवार सुबह गेट बंद करेंगे तो उन्होंने पुलिस को बुला लिया। वहीं, पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी। छात्रों के अनुसार पीड़िता के परिजनों से बात कर शुक्रवार को रणनीति बनाई जाएगी।
परिजनों से मिल चुके हैं शिक्षक
शिक्षक डॉ. योगिंदर दीक्षित ने बताया-करीब दो महीने पहले का मामला है। दूसरे राज्य से आए शिक्षक को भाषा की समस्या है। उन्होंने कुछ शब्द बोले हैं, लेकिन छात्रा ने बुरा नहीं माना। जिस शिक्षक पर आरोप लगाया है, उन्होंने छात्रा के परिजनों से मुलाकात की है। उधर, निदेशक से जब मामले के बारे में जानकारी लेनी चाही तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।