जम्मू। शहर में बिजली विभाग और निगम के इंजीनियर व कर्मचारियों के आंदोलन के बाद अब जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मी स्थायी नियुक्ति की मांग पर आंदोलन करने का खाका तैयार कर चुके हैं। अस्थायी कर्मियों ने प्रशासन को स्थायी नियुक्ति व 72 महीनों का बकाया वेतन जारी करने के लिए सितंबर तक का समय दिया है। अगर समयावधि में प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जाता है तो 32 हजार कर्मियों ने चार अक्टूबर को विरोध रैली के साथ आंदोलन का बिगुल फूंकने का एलान किया है। पीएचई इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट (डेलीवेजर) के नेता होशियार सिंह चिब ने कहा कि बीसी रोड स्थित चीफ इंजीनियर कार्यालय के पास मांगों को लेकर कर्मियों का धरना-प्रदर्शन एक साल से चल रहा है। सरकार ने कभी त्योहारों, उपभोक्ताओं की परेशानियों का हवाला देकर आंदोलन करने से रोक दिया। अब कर्मचारी झांसे में आने वाले नहीं हैं। ब्यूरो