पीएम पैकेज के कामों की समीक्षा
- फोटो : प्रतीकात्मक चित्र
केंद्र सरकार की एक अंतर विभागीय टीम गृह सचिव राजीव महर्षि की अगुवाई में रविवार को श्रीनगर पहुंची। टीम प्रधानमंत्री डेवलपमेंट पैकेज के अंतर्गत चलने वाले कार्यों के बारे में समीक्षा करेगी। रियासत के लिए कुल 80 हजार करोड़ रुपये का पैकेज घोषित किया गया था। इसमें से केंद्र सरकार ने 36 हजार करोड़ रुपये कार्यों के लिए स्वीकृत किए हैं।
केंद्रीय टीम में गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण, मानव संसाधन विकास, युवा मामले व खेल, कृषि व परिवार कल्याण, पर्यटन, शहरी विकास, रक्षा, कपड़ा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, वित्त, बिजली, ग्रामीण विकास, जल संसाधन, नई और नवीनीकरण ऊर्जा, कौशल विकास और राष्ट्रीय कार्यक्रम के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
केंद्रीय दल मुख्य सचिव बीबी व्यास की अगुवाई में राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श करने के साथ ही पीएमडीपी और अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं के तहत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेगा। टीम इन परियोजनाओं के निष्पादन में आने वाली बाधाओं और काम को तेज करने के बारे में भी चर्चा करेगी।