मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार (सीईसी) ने शनिवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में जल्द ही विधानसभा चुनाव कराने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। जम्मू कश्मीर की अंतिम सीट पर शनिवार को मतदान हो रहा है। प्रदेश में पहले चार चरणों में चार सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए हैं।
एक सवाल के जवाब में सीईसी ने कहा कि संसदीय चुनावों में लोगों की भागीदारी से चुनाव आयोग बहुत प्रोत्साहित है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग अपनी सरकार चुनने के हकदार हैं।
उन्होंने कहा, " जम्मू कश्मीर में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग बड़ी संख्या में (मतदान करने) आ रहे हैं। लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हो रही हैं, लोग लोकतंत्र के पर्व में भाग ले रहे हैं।" सीईसी ने कहा, "वे अपनी सरकार के योग्य हैं। हम बहुत जल्द ही यह प्रक्रिया शुरू करेंगे... ऐसा करने के लिए बहुत प्रोत्साहित हैं।"
मार्च में लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए, राजीव कुमार ने कहा कि विधानसभा और संसदीय चुनाव एक साथ कराना साजो-सामान और सुरक्षा कारणों से व्यावहारिक नहीं था।
जम्मू-कश्मीर में चुनावी प्रक्रिया आमतौर पर एक महीने तक चलती है। परिसीमन अभ्यास के बाद, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को आवंटित सीटों को छोड़कर, विधानसभा सीटों की संख्या 83 से बढ़कर 90 हो गई है। दिसंबर 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को 30 सितंबर तक जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने का निर्देश दिया है।