जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी घुसपैठ की कोशिशों के बीच एलओसी और सरहद पर पाकिस्तानी जवानों द्वारा गोलीबारी की गई है। जानकारी के अनुसार पाकिस्तान की ओर से रविवार को पुंछ और सांबा सेक्टरों में सीजफायर का उल्लंघन किया गया है।
सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार सुबह करीब 10 बजे पाक की ओर से पुंछ के भिंबर सेक्टर और सांबा के रामगढ़ सेक्टरों में गोलाबारी की गई है। इस दौरान पाक की ओर से सीमा और एलओसी पर मोर्टार दागे जाने की बात भी कही जा रही है। अब तक इस घटना के विषय में सेना या अन्य सुरक्षा एजेंसी द्वारा आधिकारिक बयान नहीं आया है।
वहीं स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पाक की ओर से हुई गोलाबारी करीब 45 मिनट तक चली है। पाकिस्तान की ओर से हुई गोलाबारी का भारतीय सुरक्षाबलों द्वारा करारा जवाब दिया गया है। हालांकि अब तक इस गोलाबारी में किसी तरह के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।